कांठ में तेंदुए का फिर आतंक, अब कुत्ते को बनाया निवाला
मुरादाबाद, 26 फरवरी (हि.स.)। छजलैट के समंदपुर गांव में गुरुवार को एक तेंदुए ने कुत्ते को अपना शिकार बनाया। वहीं बीते दिन बुधवार को तेंदुए ने खेत में बछड़े पर हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया था। यह घटना गन्ने की छिलाई कर रहे मजदूरों के सामने हुई जिससे वह दहशत में आ गए।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश में कॉम्बिंग की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। टीम ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी। इस घटना के बाद समंदपुर सहित चौहरा चेतरामपुर, छज्जूपुरा, सीकरी, संदलीपुर, मानपुर, महेंद्री सिकंदरपुर समेत कई गांवों में तेंदुए का खौफ फैल गया है। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने की मांग की है। क्षेत्र में लगातार तेंदुओं के दिखाई देने से किसान और ग्रामीण भयभीत हैं।
वहीं वन निरीक्षक अभिषेक ने बताया कि लगातार तेंदुए की घटना के बाद शुक्रवार को समंदपुर गांव में पिंजरा लगा दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

