दीपावली के पांच दिन बाद भी नहीं सुधरी जिगर कॉलोनी व कांशीराम नगर की हवा

WhatsApp Channel Join Now

मुरादाबाद, 13 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली को बीते पांच दिन हो गए हैं, लेकिन अभी तक मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित जिगर कालोनी और थाना मझोला क्षेत्र स्थित कांशीराम नगर में वायु प्रदूषण बरकरार है। दोनों कॉलोनी ऑरेंज जोन में होने की वजह से खराब एक्यूआई में शामिल हैं। शुक्रवार को सबसे ज्यादा राहत रोजगार कार्यालय के आसपास के क्षेत्र में रही। यहां पर एक्यूआई सी से भी नीचे आ गया। हालांकि सुबह के समय वातावरण में धुंध छाने लगी है।

शुक्रवार को मुरादाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक 162 दर्ज किया गया। सबसे अधिक एक्यूआई 215 कांशीराम नगर में रहा। यहां पर पीएम 2.5 का औसत स्तर 220 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। यह स्तर मानक से सात गुना अधिक रहा। जिगर कॉलोनी का वायु गुणवत्ता सूचकांक 205 रहा, जिसमें पीएम 2.5 का औसत स्तर 198 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर रहा। यह स्तर मानक से छह गुना अधिक रहा। बुद्धि विहार में एक्यूआई 198, यातायात नगर में एक्यूआई 149, इको हर्बल पार्क 121, रोजगार कार्यालय पर 98 दर्ज किया गया।

वहीं, मौसम में ठंड बढ़ने लगी है। शुक्रवार सुबह वातावरण में धुंध छा गई। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले समय में रात के समय कोहरा और बढ़ेगा। इससे दृश्यता में गिरावट आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story