जीव-जंतुओं के प्रति जागरूकता के साथ कानपुर प्राणी उद्यान ने मनाया 52वां वर्षगांठ
कानपर, 04 फरवरी (हि.स.)। कानपुर प्राणी उद्यान ने बुधवार को अपनी 52वीं वर्षगांठ बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई। इस अवसर पर प्राणी उद्यान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया और समारोह के प्रमुख आकर्षण के रूप में एक भव्य केक काटा गया। कानपुर प्राणी उद्यान को चार फरवरी 1974 को पब्लिक के लिए खोला गया था और तब से यह शहर के लिए प्रमुख पर्यटक स्थल बन गया है।
52वीं वर्षगांठ पर प्राणी उद्यान प्रशासन ने 52 बच्चों को निःशुल्क प्रवेश प्रदान किया, जिसमें नूर आलम (आयु नौ वर्ष) को सबसे पहले प्रवेश दिलाया गया। बच्चों ने उद्यान में विभिन्न जानवरों और पक्षियों को निहारते हुए उनके बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और शिक्षा के साथ मनोरंजन का अवसर प्रदान करना था।
चिड़ियाघर के निदेशक डॉ कन्हैया ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में पर्यावरणीय शिक्षा और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने का प्रयास जारी रहेगा। 52वीं वर्षगांठ समारोह में उपस्थित सभी परिवारों और बच्चों ने कार्यक्रम को हर्षोल्लासपूर्ण और यादगार बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

