कानपुर में पहली बार जया किशोरी की श्रीमद्भागवत कथा का हाेगा आयोजन : कमल किशोर अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में पहली बार जया किशोरी की श्रीमद्भागवत कथा का हाेगा आयोजन : कमल किशोर अग्रवाल


कानपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। कानपुर में पहली बार सुश्री जया किशोरी की श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है। यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे शहर के लिए आस्था और सामाजिक एकता का महापर्व होगा। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह बातें शुक्रवार को कार्यक्रम संयोजक कमल किशोर अग्रवाल ने कहीं।

श्री अग्रसेन सेवा समिति के तत्वावधान में शहर में पहली बार प्रसिद्ध कथावाचक सुश्री जया किशोरी की श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन 17 दिसंबर से 24 दिसंबर 2026 तक चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) ग्राउंड में होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा इसके सफल संचालन के लिए प्रबंध समिति का गठन भी कर दिया गया है।

कार्यक्रम संयोजक कमल किशोर अग्रवाल ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को पहली बैठक आयोजित की गई, जिसमें कथा की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जनसहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। समिति के अध्यक्ष दिनेश गोयल के नेतृत्व में गठित प्रबंध समिति कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। बैठक में आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों पर चर्चा करते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्णय लिया।

कार्यक्रम संयोजक कमल किशोर अग्रवाल ने शहरवासियों और समाज के सभी वर्गों से इस धार्मिक आयोजन में सहयोग करने तथा अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास है कि यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए यादगार और सुव्यवस्थित बने तथा कानपुर धार्मिक आयोजनों की दृष्टि से एक नई पहचान स्थापित करे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story