कानपुर में अग्नि सुरक्षा पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण अभियान शुरू

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में अग्नि सुरक्षा पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण अभियान शुरू


कानपुर, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड के बाद कानपुर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नरेट ने शुक्रवार से तीन दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान शुरू किया। पहले दिन शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालकों को आग से बचाव और आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस आयुक्त कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अग्निशमन विशेषज्ञों ने फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग, भवनों में सुरक्षा मानकों का पालन, आपातकालीन निकासी (इवैक्यूएशन) और विद्यार्थियों की सुरक्षित निकासी के तरीकों की जानकारी दी। इस दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनके नियमित रखरखाव और कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि समय रहते जागरूकता और तैयारी से बड़े हादसों के दौरान जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर संकल्प शर्मा ने बताया कि लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह तीन दिवसीय अभियान शुरू किया गया है। पहले दिन कोचिंग संस्थानों के संचालकों को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि अगले चरण में अन्य संस्थानों और संबंधित लोगों को भी इससे जोड़ा जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग सही तरीके से प्रतिक्रिया दे सकें और जनहानि को रोका जा सके।---------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story