कानपुर पुलिस ने 111 खोए मोबाइल बरामद कर स्वामियों को लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर पुलिस ने 111 खोए मोबाइल बरामद कर स्वामियों को लौटाए


कानपुर, 20 मई (हि.स.)। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस की पूर्वी जोन सर्विलांस टीम ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए बुधवार को गुम और चोरी हुए 111 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 22 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई दर्ज शिकायतों के आधार पर की गई।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलते ही सर्विलांस टीम ने आईएमईआई नंबर के आधार पर ट्रैकिंग शुरू की। नेटवर्क डेटा एनालिसिस, लोकेशन ट्रेसिंग और फील्ड वेरिफिकेशन के जरिए अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन रिकवर किए गए। तकनीकी टीम ने विभिन्न नेटवर्क ऑपरेटरों से डेटा लेकर संदिग्ध लोकेशन चिन्हित की और कई मामलों में अंतरजनपदीय स्तर पर समन्वय कर बरामदगी की कार्रवाई की।

बरामद मोबाइलों में कई मामले गुम होने के हैं जबकि कुछ में चोरी की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिन मामलों में तहरीर प्राप्त होगी उनमें नियमानुसार अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। बरामद मोबाइलों को जांच और सत्यापन के बाद सम्बंधित लोगों को सुपुर्द किया गया।

मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को उनके फोन वापस किए गए जिससे उन्हें राहत मिली। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने की स्थिति में तुरंत ही शिकायत दर्ज कराएं ताकि डिवाइस की ट्रैकिंग तेजी से हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story