कानपुर के विकास के लिए शहर का ऑपरेटिंग सिस्टम बदलना जरूरी : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर के विकास के लिए शहर का ऑपरेटिंग सिस्टम बदलना जरूरी : कुलपति


कानपुर, 27 मई (हि.स.)। कानपुर में संभावनाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन शहर को युवाओं और नई इंडस्ट्री के अनुकूल बनाने के लिए उसका ऑपरेटिंग सिस्टम बदलना होगा। ऐसा विकास मॉडल तैयार करना जरूरी है, जिससे यहां के युवा और औद्योगिक परिवारों के बच्चे शहर छोड़ने को मजबूर न हों। यह बातें बुधवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

शहर के होटल इटरनिटी में आयोजित “कानपुर इंडस्ट्रियल रेनेसां-2026” कार्यक्रम और कॉफी टेबल बुक “द सिटी थ्रू द एजेस” के विमोचन समारोह में प्रशासनिक, औद्योगिक और शिक्षा जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम में ‘तकनीकी और अनुसंधान सहायता के लिए प्रतिबद्धता’ विषय पर बोलते हुए प्रो. पाठक ने कहा कि किसी भी शहर की असली ताकत उसकी युवा पीढ़ी होती है। यदि शहर में केवल बुजुर्ग रह जाएंगे तो वहां जीवन की ऊर्जा समाप्त हो जाएगी, जबकि युवाओं की मौजूदगी शहर को जीवंत बनाए रखती है।

उन्होंने कहा कि कानपुर को नए इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक इंडस्ट्री और बेहतर सामाजिक वातावरण की जरूरत है, ताकि युवाओं को रोजगार और अवसर यहीं मिल सकें। उन्होंने सुझाव दिया कि शहर के विकास और नई औद्योगिक नीतियों को तैयार करने में हाल ही में पास आउट हुए और अध्ययनरत युवाओं की राय को भी शामिल किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कानपुर के ऐतिहासिक और औद्योगिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए शहर के औद्योगिक पुनर्जागरण की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडिशनल चीफ सेक्रेटरी अमित कुमार घोष ने की।

इस अवसर पर कानपुर मंडल के कमिश्नर के. विजयेंद्र पांडियन, हाई लेवल जॉइंट डेवलपमेंट कमेटी के को-ऑर्डिनेटर नीरज श्रीवास्तव समेत शहर के कई उद्योगपति, नीति निर्माता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान “द सिटी थ्रू द एजेस” कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया, जिसमें कानपुर के इतिहास, औद्योगिक विरासत और भविष्य की संभावनाओं को दर्शाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story