ड्यूटी में लापरवाही पर नगर निगम कर्मचारी निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
ड्यूटी में लापरवाही पर नगर निगम कर्मचारी निलंबित


कानपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। कानपुर नगर निगम में ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में स्वच्छता मार्गप्रकाश विभाग के कर्मचारी कमरूद्दीन को निलंबित कर दिया गया। जांच में प्रथम दृष्टया उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद कार्यालय से अनुपस्थित रहने और शासकीय कार्य प्रभावित करने के आरोप सामने आए।

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शुक्रवार को बताया कि शासकीय कार्यों में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता या किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कर्मचारी के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच कराई गई थी। जांच में उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद कार्यालय से अनुपस्थित रहने के साथ कार्य के प्रति शिथिलता और लापरवाही बरतने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद नगर आयुक्त ने निलंबन की कार्रवाई की।

निलंबन अवधि में कर्मचारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। विभागीय जांच अलग से जारी रहेगी। जांच अधिकारी को निर्धारित समय में जांच पूरी कर आवश्यक आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

आगे उन्होंने कहा गया कि अनुशासनहीनता और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के मामलों में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ पद अथवा दायित्व की परवाह किए बिना नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story