कॉरिडोर-2 के स्टेशनों पर हाेगी प्राकृतिक रोशनी की व्यवस्था : सुशील कुमार

WhatsApp Channel Join Now
कॉरिडोर-2 के स्टेशनों पर हाेगी प्राकृतिक रोशनी की व्यवस्था : सुशील कुमार


कानपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। मेट्रो कॉरिडोर-2 के पांचों एलिवेटेड स्टेशनों पर निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। विजय नगर चौराहा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की छत लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी) तकनीक से तैयार होने वाली इन छतों में पारदर्शी शीट लगाई जाएगी, जिससे प्लेटफॉर्म पर दिनभर प्राकृतिक रोशनी रहेगी और बिजली की खपत कम होगी। यह जानकारी गुरुवार को उत्तर प्रदेश रेल मेट्रो कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि कॉरिडोर-2 के सभी पांच एलिवेटेड स्टेशनों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कॉरिडोर-1 के स्टेशनों की तर्ज पर यहां भी अक्षय ऊर्जा के उपयोग के प्रावधान किए जा रहे हैं। पीईबी तकनीक से बनने वाली छतें मजबूत होने के साथ लागत के लिहाज से भी प्रभावी हैं। इनमें बीच में पिलर की जरूरत नहीं होगी, जिससे यात्रियों के आवागमन के लिए प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त खुली जगह मिलेगी।

कॉरिडोर-2 के सीएसए से बर्रा-8 तक करीब 8. 60 किलोमीटर लंबे रूट का सिविल निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके लगभग 4.50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड हिस्से में कृषि विश्वविद्यालय, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इन सभी स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म स्तर की ढलाई पूरी हो चुकी है। अब छत निर्माण के साथ कॉनकोर्स स्तर पर तकनीकी कक्षों का निर्माण, उपकरणों की स्थापना और फर्श तैयार करने का काम भी जारी है।

करीब 23.50 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 पर आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 15.50 किलोमीटर के हिस्से में मेट्रो का संचालन हो रहा है। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक शेष हिस्से में भी जल्द यात्री सेवाएं शुरू होने की संभावना है। वहीं, कॉरिडोर-2 का निर्माण कार्य भी जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776091 Articles

Share this story