सड़क, सफाई और मूलभूत सुविधाओं में सरकार फेल : पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
सड़क, सफाई और मूलभूत सुविधाओं में सरकार फेल : पवन गुप्ता


कानपुर, 20 मार्च (हि.स.)। कानपुर की हालत तो इन नौ सालों में दयनीय हो चुकी है। सड़क में गढ्ढे या गड्ढों में सड़क कहें, क्योंकि लोग मौजूदा सरकार के रवैये से काफी परेशान है। त्योहारों के दौरान भी शहरों में सफाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का अभाव साफ तौर पर देखने को मिलता है, जिससे जनता में भारी आक्रोश है। जनपद की मिलों की बात हो या कानपुर में गंगा सफाई की बात हो, सरकार हर मामले में फेल रही है। कानपुर में अपराध, बेरोजगारी, फेल स्वास्थ सेवाओं, महंगी शिक्षा, टूटी सड़कों, गंदगी, जलभराव, कूड़े के ढेर से जनता बेहद त्रस्त है। यह बातें शुक्रवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।

प्रदेश में सत्तारूढ़ योगी सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर कानपुर महानगर कांग्रेस ने अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चौक से कोतवाली तक पदयात्रा निकालते हुए हाथों में ताले लेकर प्रदर्शन किया और नारे लगाए कि नौ साल प्रदेश बेहाल कानपुर बदहाल। सबने नौ वर्षों को प्रदेश और कानपुर की जनता के लिए “निराशा और तकलीफ के नौ साल करार दिया है।

पवन गुप्ता ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश के विकास को ताला लग गया है इसलिए हाथों में ताला लेकर प्रदर्शन कर जनता की तकलीफ बताई है। उन्होंने कहा की जनता को बढ़ते महिला अपराध, महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था की गिरती स्थिति और बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ा है। सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है और केवल प्रचार-प्रसार के सहारे अपनी उपलब्धियां गिनाने में लगी हुई है। प्रदेश विशेषकर कानपुर में युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, व्यापारी वर्ग आर्थिक दबाव में है, किसान अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं और आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। इसके साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सेवाओं की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story