टीआईईकॉन यूपी 2026 से कानपुर राष्ट्रीय स्टार्टअप मंच पर स्थापित : संजीव श्रेया
कानपुर, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की उद्यमिता की तस्वीर तेजी से बदल रही है और TiECon UP 2026 ने कानपुर को राष्ट्रीय स्टार्टअप मंच पर मजबूती से स्थापित कर दिया है। नीति, पूंजी और तकनीक के संगम वाले इस मंच पर देश भर के बड़े निवेशक, स्टार्टअप संस्थापक और प्रशासनिक नेतृत्व एक साथ जुटा, जिससे साफ हो गया कि उत्तर प्रदेश अब केवल बाजार नहीं, बल्कि नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धी उद्यमों का केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ चुका है। यह बातें शनिवार को TiECon UP 2026 के दौरान TiECon के चेयरमैन संजीव श्रेया ने कही।
कार्यक्रम में लगभग 20 बड़ी वेंचर कैपिटल फर्मों, 45 इंडस्ट्री लीडर्स और पूरे भारत व अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टार्टअप संस्थापकों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथियों में राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी, कानपुर मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद, तथा आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मनिंद्र अग्रवाल शामिल थे। TiE UP के अध्यक्ष डॉ. राव विक्रम सिंह और TiECon चेयरमैन संजीव श्रेया ने भी भागीदारी कर राज्य के उद्यमिक इकोसिस्टम में बढ़ते विश्वास को रेखांकित किया।
कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ उद्यमियों ने स्टार्टअप्स को दीर्घकालिक सफलता के लिए मार्गदर्शन दिया। बालाजी वेफर्स के फाउंडर चंदू भाई विरानी ने कहा कि स्थायी सफलता केवल अल्पकालिक मूल्यांकन तक सीमित नहीं, बल्कि मजबूत संचालन, प्रभावी वितरण नेटवर्क और सामाजिक उत्तरदायित्व पर आधारित होना चाहिए। TiECon UP के चेयरमैन संजीव श्रेया ने कहा कि सरकार, शिक्षण संस्थानों और प्राइवेट पूंजी का सतत सहयोग दीर्घकालिक निवेश, रोजगार सृजन और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी कम्पनियों के निर्माण के लिए जरूरी है।
मुख्य सत्रों में “जीरो टू यूनिकॉर्न-ऑल यूनिकॉर्न स्टार्ट फ्रॉम एन आइडिया”, रक्षा एवं डीपटेक संवाद, अगली पीढ़ी के नेतृत्व और डिजिटल एकीकरण पर विशेष फोकस किया गया। विशेष मास्टरक्लास में स्टार्टअप संस्थापकों को वीसी पिचिंग, नेटवर्किंग और एआई-आधारित मूल्य निर्माण की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
समापन सत्र “India @ 2030: Unlocking the Next Wave of Entrepreneurship” में नीति, निवेश और उद्योग के बीच निरंतर सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई गई। TiECon UP 2026 ने यह स्पष्ट कर दिया कि कानपुर अब राष्ट्रीय स्टार्टअप इकोसिस्टम का एक सशक्त केंद्र बन चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

