कानपुर डीआईजी ने पांचाल घाट का लिया जाएजा, दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर डीआईजी ने पांचाल घाट का लिया जाएजा, दिए निर्देश


फर्रुखाबाद, 24 नवंबर (हि.स.)।

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए पांचाल घाट पर उमड़ने वाले श्रद्धालुओं के सैलाब को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संभालना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) परिक्षेत्र कानपुर यमुना प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ पांचाल घाट पहुंचकर मेला क्षेत्र और स्नान घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और स्नान घाटों पर किए गए इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, पार्किंग स्थलों और स्वास्थ्य शिविरों की तैयारियों की भी समीक्षा की। विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की अव्यवस्था अथवा असुविधा का सामना न करना पड़े।

डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले स्थानों और स्नान घाटों पर पुलिस की सतर्क निगरानी बनी रहनी चाहिए। यातायात व्यवस्था इस तरह संचालित की जाए कि वाहनों के आवागमन और श्रद्धालुओं की आवाजाही में टकराव की स्थिति न बने। पार्किंग स्थलों पर वाहनों को निर्धारित स्थानों पर खड़ा कराया जाए, जिससे मेला क्षेत्र में जाम की समस्या उत्पन्न न हो।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों के साथ श्रद्धालुओं की सहायता और सुविधा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

डीआईजी के निरीक्षण ने साफ कर दिया कि कार्तिक पूर्णिमा मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम गंगा स्नान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीआईजी ने बताया कि वह कन्नौज में भी निरीक्षण कर चुके है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story