कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू होने की ओर बढ़ा एक और कदम : सुशील कुमार

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू होने की ओर बढ़ा एक और कदम : सुशील कुमार


कानपुर, 26 जून (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू होने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इस सेक्शन पर यात्री सेवाएं शुरू करने से पहले 27 से 29 जून तक मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) अपनी टीम के साथ सुरक्षा और तकनीकी मानकों का विस्तृत निरीक्षण करेंगे। यह जानकारी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार, कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) के शेष हिस्से कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवाओं के विस्तार की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त नीलाभ्र सेन गुप्ता 27 से 29 जून तक पांच सदस्यीय टीम के साथ इस सेक्शन का जायजा लेंगे। इस दौरान सिग्नलिंग, ट्रैक, विद्युत और सिविल कार्यों से जुड़े सभी तकनीकी मानकों की गहन जांच की जाएगी। इससे पहले 10 से 14 जून के बीच सीएमआरएस की टीम प्रारंभिक निरीक्षण भी कर चुकी है।

जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीएमआरएस की मंजूरी मिलने पर कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो संचालन का रास्ता साफ होगा। इस सेक्शन के शुरू होने के साथ झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता सहित सात नए स्टेशन मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। इसके बाद आईआईटी से नौबस्ता तक करीब 23.50 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 पर कुल 21 स्टेशनों के साथ यात्री सेवाएं उपलब्ध होंगी।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि कानपुर मेट्रो ने निर्माण के दौरान कई चुनौतियों के बावजूद उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मेट्रो नेटवर्क शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक क्षेत्रों, कार्यालयों और यातायात केंद्रों को जोड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कॉरिडोर-1 के साथ-साथ सीएसए से बर्रा-8 तक प्रस्तावित करीब 8.60 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-2 का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। दक्षिणी क्षेत्र तक मेट्रो पहुंचने के बाद शहरवासियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और निर्बाध सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story