कानपुर सेंट्रल का पुनर्विकास तय समय में पूरा होगा, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता : दीपक कुमार

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर सेंट्रल का पुनर्विकास तय समय में पूरा होगा, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता : दीपक कुमार


कानपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित, स्वच्छ और विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे कराए जाएंगे। यह बातें बुधवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने कहीं।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों और होल्डिंग एरिया की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने रेलवे की कार्यदायी संस्था और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्यों के निष्पादन पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर अकांशु गोविल भी मौजूद रहे।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों, यात्री सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना के उन्नयन तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद अपर मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य तय समय के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आवश्यक सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध रहें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ मंडल अभियंता (पंचम) अभिषेक तोमर सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी, पर्यवेक्षक और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि कानपुर सेंट्रल उत्तर भारत के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है। स्टेशन के पुनर्विकास का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर आधारभूत ढांचा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि परियोजना के सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जा सके।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story