घर से नाराज होकर कानपुर सेंट्रल पहुंची किशोरी को जीआरपी ने परिजनों से मिलाया

WhatsApp Channel Join Now
घर से नाराज होकर कानपुर सेंट्रल पहुंची किशोरी को जीआरपी ने परिजनों से मिलाया


कानपुर, 13 जून (हि.स.)। ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने घर से नाराज होकर चंदौली से कानपुर पहुंची एक किशोरी को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया। स्टेशन परिसर में चेकिंग और गश्त के दौरान पुलिस टीम को प्लेटफॉर्म क्षेत्र में अकेली बैठी करीब 15 वर्षीय किशोरी मिली। पूछताछ में उसने अपना नाम पूजा (काल्पनिक) निवासी हथियानी, जनपद चंदौली बताया।किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह घर से नाराज होकर बिना किसी को बताए कानपुर सेंट्रल आ गई थी। इसके बाद जीआरपी ने उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित रखा और उसके परिजनों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू की। सूचना मिलने पर किशोरी के जीजा सर्वेश कुमार समेत अन्य परिजन थाना जीआरपी पहुंचे।आवश्यक सत्यापन और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने बच्ची के सकुशल मिलने पर राहत जताई और जीआरपी टीम का आभार व्यक्त किया।जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने शनिवार को बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत रेलवे स्टेशनों पर लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य भटके, लापता और असहाय बच्चों को सुरक्षित संरक्षण देकर उनके परिवारों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे के अकेले या संदिग्ध परिस्थिति में मिलने पर जीआरपी तत्काल कार्रवाई कर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story