कन्नौज में विजिलेंस ने सब-रजिस्ट्रार को रिश्वत लेते दबोचा, एक निजी कर्मी भी पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
कन्नौज में विजिलेंस ने सब-रजिस्ट्रार को रिश्वत लेते दबोचा, एक निजी कर्मी भी पकड़ा


कन्नौज, 29 मई (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को कन्नौज सदर तहसील में उस समय हड़कंप मच गया, जब कानपुर की विजिलेंस टीम ने तहसील के सब-रजिस्ट्रार को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील कर्मचारियाें में खलबली मच गई।

जानकारी के अनुसार सदर तहसील में तैनात उप-पंजीयक (सब-रजिस्ट्रार) अश्वनी कुमार वर्मा पर बैनामा संबंधी कार्य के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे तहसील पहुंचकर सब-रजिस्ट्रार अश्वनी कुमार वर्मा काे एक व्यक्ति से 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की रकम को गिनने वाले एक निजी कर्मचारी काे भी हिरासत में ले लिया।

छापेमारी की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई। विजिलेंस टीम आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद आरोपित अधिकारी को अपने साथ लेकर सदर कोतवाली पहुंची, जहां मामले से संबंधित दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच की गई। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

Share this story