कन्नौज में तेज रफ्तार थार की चपेट में आए चार दोस्त, तीन की मौत, एक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
कन्नौज में तेज रफ्तार थार की चपेट में आए चार दोस्त, तीन की मौत, एक गंभीर


हादसे में घायल एक युवक कानपुर रेफर

कन्नौज, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार थार की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका चौथा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में कानपुर रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार की रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसी दौरान वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार चारों युवक उछलकर करीब 15 से 20 मीटर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतकों की पहचान अगौस गांव निवासी मनीष कुमार (28), वेद प्रकाश (40) और विजेंद्र (35) के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं, गंभीर रूप से घायल चौथे युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि चारों युवकों को अस्पताल लाया गया था। परीक्षण के दौरान तीन को मृत पाया गया, जबकि चौथे की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया।

इंदरगढ़ थाना प्रभारी विनोद कुमार कश्यप ने मंगलवार को बताया कि दुर्घटना में मृत तीनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774734 Articles

Share this story