कन्नौज: पंचायती राज दिवस पर मॉडल युवा ग्राम सभा की अवधारणा से अवगत हुए युवा
प्रदेश का पहला मॉडल युवा ग्राम सभा आयोजन सफल
कन्नौज, 24 अप्रैल (हि. स.)। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर शुक्रवार काे जनपद के तहसील छिबरामऊ क्षेत्र स्थित भारतीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज, सिकंदरपुर में मॉडल युवा ग्राम सभा एवं ईएलपी-पीडीएस प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, कन्नौज के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें 100 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी, चेयरमैन सिकंदरपुर हरिहर सिंह, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पांडे, जिला महामंत्री एबीवीपी शुभम विद्यार्थी एवं विद्यालय प्रधानाचार्य योगेंद्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने युवाओं को मॉडल युवा ग्राम सभा की अवधारणा से अवगत कराते हुए बताया कि यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रारंभ किया गया है और इसकी शुरुआत जनपद कन्नौज से की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में प्रशासनिक समझ, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने में सहायक होते हैं।
वहीं अभिषेक पांडे ने युवाओं को ग्राम सभा में अधिक से अधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया, जबकि चेयरमैन हरिहर सिंह ने कहा कि मॉडल युवा ग्राम सभा युवाओं को अपनी स्थानीय समस्याओं को जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखने का सशक्त मंच प्रदान करती है।
जिला विद्यालय निरीक्षक के मार्गदर्शन मे कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं द्वारा मॉडल युवा ग्राम सभा का सजीव मंचन किया गया, जिसमें उन्होंने सरपंच, सचिव, वार्ड सदस्य, ग्राम विकास अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारियों की भूमिका निभाते हुए ग्राम सभा की संपूर्ण कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया। इस दौरान युवाओं ने गांव की वास्तविक समस्याओं जैसे सड़क, नाली, पानी, रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को उठाया तथा उन पर विचार-विमर्श कर समाधान प्रस्तुत किया।
विशेष रूप से मनरेगा एवं अन्य विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए युवाओं ने रोजगार सृजन, ग्राम विकास योजना एवं बजट निर्धारण की प्रक्रिया को भी व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को पंचायत स्तर पर होने वाली कार्यवाही की स्पष्ट एवं प्रभावी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन श्रेष्ठ वक्ताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेंद्र कुमार ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं व्यवहारिक ज्ञान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के आयोजन में चक्रेश पांडे, दीपक कुमार, श्याम सुंदर, लोकेश दुबे, सुमित कुमार, आदर्श कुमार, विकास एवं समस्त विद्यालय स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। वही मंच संचालन मे विद्यालय की अध्यापिका अंजना बाजपेयी की विशेष सहभागिता प्राप्त हुई ।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पंचायती राज व्यवस्था से परिचित कराना, उन्हें जमीनी स्तर पर प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जोड़ना तथा समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को जागरूक करना रहा
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

