कन्नौज के पांच युवाओं का राज्य स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में चयन

WhatsApp Channel Join Now
कन्नौज के पांच युवाओं का राज्य स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में चयन


कन्नौज के पांच युवाओं का राज्य स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में चयन


कन्नौज के पांच युवाओं का राज्य स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में चयन


कन्नौज, 30 अप्रैल (हि.स.)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वाधान में मेरा युवा भारत की ओर से 01 मई से 03 मई 2026 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा में राज्य स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में जनपद कन्नौज के पांच प्रतिभाशाली युवाओं का चयन किया गया है, जो जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

प्रतिभागियों का चयन जनपद स्तरीय विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया था, जिसका आयोजन 26 फरवरी 2026 को पीएसएम पीजी कॉलेज में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ था। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अनेक युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने वक्तृत्व कौशल, तर्क क्षमता एवं राष्ट्रीय विषयों पर विचार प्रस्तुत किए थे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार रखने के लिए तीन 3 मिनट का समय प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य विषय “केंद्रीय बजट 2026 : विकसित भारत 2047 की दिशा में भारतीय युवाओं के मार्ग को सशक्त बनाना” निर्धारित किया गया है। इस विषय पर प्रतिभागी देश के युवाओं, आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार, नवाचार तथा विकसित भारत के संकल्प से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।

उक्त कार्यक्रम के संबंध में जिला युवा कार्यक्रम अधिकारी सागर महेश्वरी ने गुरुवार को बताया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में वाक-कौशल, नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, आत्मविश्वास एवं जनहित के मुद्दों पर अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।

उन्होंने कहा कि मेरा युवा भारत, युवाओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराता है, जिसके माध्यम से युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर सकते हैं।

उन्होंने आगे बताया कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं तथा नीति निर्माण की समझ प्रदान करते हैं, जिससे उनमें जागरूक नागरिक बनने की भावना सुदृढ़ होती है।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयनित युवाओं में साक्षी सिंह, युगी कटियार, नंदिनी दुबे, कृष्ण कांत एवं मीनाक्षी अवस्थी शामिल हैं। जनपद कन्नौज के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि जिले के युवा राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जनपदवासियों एवं युवा वर्ग ने चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है।--------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

Share this story