कन्नौज: मेरा युवा भारत कन्नौज का ‘बजट क्वेस्ट’ प्रतियोगिता में 6 युवाओं का चयन

WhatsApp Channel Join Now
कन्नौज: मेरा युवा भारत कन्नौज का ‘बजट क्वेस्ट’ प्रतियोगिता में 6 युवाओं का चयन


--प्रधानमंत्री से संवाद का मिलेगा अवसर

कन्नौज, 10 अप्रैल (हि. स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत पोर्टल द्वारा फरवरी माह में ‘बजट क्वेस्ट’ ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को भारत सरकार द्वारा 1 फरवरी को प्रस्तुत किए गए केंद्रीय बजट के प्रति जागरूक करना, उनमें वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना तथा उन्हें देश की आर्थिक नीतियों से जोड़ना था।

इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में देशभर के हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। माई भारत पोर्टल पर बजट से संबंधित विभिन्न प्रश्नों को क्विज के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिन्हें प्रतिभागियों ने ऑनलाइन माध्यम से हल किया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को बजट के विभिन्न पहलुओं, योजनाओं एवं सरकारी नीतियों के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।

मंत्रालय द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार कन्नौज जनपद के 6 प्रतिभागी कार्यक्रम में प्रतिभाग हेतु लखनऊ प्रस्थान करेंगे। यह जनपद के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि यहां के युवाओं ने अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय मंच पर स्थान प्राप्त किया है।

चयनित प्रतिभागियों में सूरज सिंह, आरोही चतुर्वेदी, शालू गुप्ता, अभय कुमार, अंबुजा गुप्ता एवं युगी कटियार शामिल हैं। इन सभी प्रतिभागियों को लखनऊ में आयोजित विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।

यह कार्यक्रम लखनऊ स्थित जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया जाएगा, जहां प्रतिभागियों को विभिन्न शैक्षिक एवं संवादात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत 12 अप्रैल को महिलाओं का यूथ पार्लियामेंट आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी संसदीय प्रक्रिया एवं लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली का अनुभव प्राप्त करेंगे।

इसके अतिरिक्त 13 अप्रैल को चयनित प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इंटरैक्शन (संवाद) का विशेष अवसर प्राप्त होगा। यह अवसर युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं जीवन का एक महत्वपूर्ण अनुभव सिद्ध होगा, जहां वे सीधे देश के सर्वोच्च नेतृत्व से संवाद कर सकेंगे।

कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों के आवास, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं मेरा युवा भारत द्वारा सुनिश्चित की गई हैं, जिससे प्रतिभागी पूरी एकाग्रता के साथ कार्यक्रम में सहभागिता कर सकें।

मेरा युवा भारत कन्नौज के जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होती हैं तथा उन्हें राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

Share this story