कन्नौज के मेहंदी घाट का सौंदर्यीकरण करने 4.23 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी

WhatsApp Channel Join Now
कन्नौज के मेहंदी घाट का सौंदर्यीकरण करने 4.23 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी


कन्नौज के मेहंदी घाट का सौंदर्यीकरण करने 4.23 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी


-घाट में विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं

- सदर विधायक ने मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री का जताया आभार

कन्नौज, 03 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कन्नौज के ऐतिहासिक मेहंदी घाट को आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इसके आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए 4.23 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। इस पूरी योजना की लागत 8.47 करोड़ रुपये है। इसके लिए सदर विधायक व समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री का आभार जताया है।

दिव्यांगजन और पर्यावरण का रखा जाएगा विशेष ध्यान

इस योजना के तहत घाट का सौंदर्यीकरण करने के साथ एक कल्चरल स्टेज बनाया जाएगा। साथ ही लोगों और पर्यटकों के लिए नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह पूरा काम उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा 12 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। घाट में दिव्यांगजन के लिए सुविधाएं और पर्यावरण का भी ध्यान रखा जाएगा। साथ ही सोलर ऊर्जा का इस्तेमाल किया जाएगा।

बढ़ेगा पर्यटन, मिलेंगे रोजगार के अवसर

समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं कन्नौज सदर विधायक असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मेहंदी घाट का विकास कन्नौज को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। इस विकास से कन्नौज में पर्यटन बढ़ेगा और लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। काम उच्च गुणवत्ता और पूरी पारदर्शिता से किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

Share this story