कन्नौज : जिले के आपदा प्रभावित 1428 किसानों को मिली 52 लाख से ज्यादा सहायता राशि

WhatsApp Channel Join Now
कन्नौज : जिले के आपदा प्रभावित 1428 किसानों को मिली 52 लाख से ज्यादा सहायता राशि


कन्नौज, 12 अक्टूबर (हि. स.)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दैवीय आपदा से प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान के अंतर्गत क्षतिपूर्ति सहायता प्रदान करने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने 15 किसानों को प्रमाण पत्र, बीज किट वितरित किए तथा कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र प्रभावित किसान को नियमानुसार समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि दिनांक 25 से 27 सितंबर 2026 के मध्य प्रदेश में आए चक्रवात के कारण हुई अत्यधिक वर्षा से जनपद में फसलों को नुकसान पहुंचा था। शासन के निर्देशों के क्रम में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण कराया गया। सर्वेक्षण के अनुसार तहसील सदर-कन्नौज एवं छिबरामऊ में फसल क्षति 33 प्रतिशत से कम पाई गई, जबकि तहसील तिर्वा के 71 गांवों में 3,782 किसानों की कुल 1,020.1822 हेक्टेयर कृषि भूमि पर 33 प्रतिशत से अधिक फसल क्षति दर्ज की गई।

उन्होंने बताया कि प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए कृषि निवेश अनुदान के अंतर्गत 637 किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से कुल ₹24,94,251 (चौबीस लाख चौरानवे हजार दो सौ इक्यावन रुपये) की क्षतिपूर्ति राशि अंतरित की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, चक्रवात मद में जनपद कन्नौज को अब तक ₹1,43,25,048 (एक करोड़ तैंतालीस लाख पच्चीस हजार अड़तालीस रुपये) की धनराशि आवंटित की गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रता के आधार पर शेष प्रकरणों में भी आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से पूरी की जाए।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल 2026 से 10 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न दैवीय आपदाओं के अंतर्गत वितरित सहायता के विवरण के अनुसार जनपद में जनहानि, पशुहानि, गृह क्षति एवं फसल क्षति से प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराई गई है। इस अवधि में जनहानि के 22 प्रकरणों में ₹88 लाख, पशुहानि के 33 प्रकरणों में ₹5.56 लाख तथा गृह क्षति के 105 प्रकरणों में ₹4.61 लाख की सहायता वितरित की गई।

इसी प्रकार, फसल क्षति के अंतर्गत बेमौसम भारी वर्षा में फसल क्षति हेतु 17 किसानों को रु 43155, ओलावृष्टि से प्रभावित 774 किसानों को निर्देश ₹26,98,873 तथा चक्रवात से प्रभावित 637 किसानों को ₹24,94,251 की सहायता प्रदान की गई। इस प्रकार इन दोनों आपदाओं में फसल क्षति से प्रभावित कुल 1,428 किसानों को ₹5236279 की सहायता वितरित की गई है।

विभागीय विवरण के अनुसार, उक्त अवधि में अतिवृष्टि, सर्पदंश, बेमौसम भारी वर्षा, आंधी-तूफान, डूबने से मृत्यु, सांड़ के हमले से मृत्यु एवं आकाशीय विद्युत जैसी आपदाओं से प्रभावित लोगों को भी नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई गई। विभिन्न श्रेणियों में प्रभावित व्यक्तियों एवं परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्यवाही की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759801 Articles

Share this story