पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में चमकीं कनक और स्मिता, कनक ने 12 और स्मिता ने चार पदक जीतकर बढ़ाया जौनपुर पुलिस का मान

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में चमकीं कनक और स्मिता, कनक ने 12 और स्मिता ने चार पदक जीतकर बढ़ाया जौनपुर पुलिस का मान


जौनपुर,10 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में पुलिस विभाग की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाली महिला मुख्य आरक्षी कनक शर्मा और महिला मुख्य आरक्षी स्मिता को सोमवार को पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने सम्मानित किया। दोनों महिला पुलिसकर्मियों को मेडल पहनाकर बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

थाना जलालपुर में तैनात महिला मुख्य आरक्षी कनक शर्मा ने विभिन्न पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में कुल 12 पदक हासिल किए हैं। वाराणसी जोन में 10 से 12 जुलाई तक हुई 43वीं अंतर्जोनल पुलिस बैडमिंटन/टेबल टेनिस प्रतियोगिता में उन्होंने तीन स्वर्ण और दो रजत समेत पांच पदक जीते। वहीं 23 से 26 जुलाई तक मुरादाबाद में हुई उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक खेल प्रतियोगिता-2026 में चार कांस्य और तीन रजत समेत सात पदक हासिल किए।इसी तरह महिला मुख्य आरक्षी स्मिता ने सोनभद्र में आयोजित 43वीं उत्तर प्रदेश पुलिस अंतर जनपदीय बैडमिंटन/टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 में दो स्वर्ण और दो रजत समेत कुल चार पदक जीते।इस तरह कनक शर्मा ने तीन स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य सहित कुल 12 पदक तथा स्मिता ने दो स्वर्ण और दो रजत सहित चार पदक अर्जित किए। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने दोनों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी है। पुलिस परिवार ने दोनों महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धि पर गर्व जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story