एक माह तक आस्था में डूबेगा कस्बा कमलापुर

WhatsApp Channel Join Now
एक माह तक आस्था में डूबेगा कस्बा कमलापुर


सीतापुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कमलापुर कस्बे के रेलवे स्टेशन के निकट स्थित मां महोठेरानी मंदिर में चैत्र पूर्णिमा से प्रारंभ होने वाला प्रसिद्ध 30 दिवसीय मेला आज गुरुवार से शुरू हो गया है। मेले को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया है और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

चैत्र पूर्णिमा के दिन से गैर जनपद सहित हजारों श्रद्धालु मां महोठेरानी के दरबार में पहुंचकर मिट्टी की मटकी चढ़ाते हैं और मनौती पूरी होने पर दंडवत करते हुए अपनी हाजिरी लगाते हैं। मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठता है और भक्ति की अद्भुत छटा देखने को मिलती है। इस दौरान जागरण, कन्या भोज और भंडारे जैसे धार्मिक आयोजन निरंतर चलते रहते हैं।

कसमंडा स्टेट से जुड़ा यह ऐतिहासिक मेला वर्षों से आस्था का केंद्र बना हुआ है। ग्रामीणों का मानना है कि मां महोठेरानी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।

मेला प्रबंधक अनुज तिवारी के अनुसार, एक माह तक चलने वाले इस मेले में लकड़ी, लोहे और मिट्टी से बने सामानों की दुकानें सजती हैं, जिनकी काफी मांग रहती है।

इस बार मेला समिति ने विशेष निर्णय लेते हुए मनोरंजन के साधनों पर कोई शुल्क न लेने का फैसला किया है। श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी होने पर मंदिर में ईंट और मटकी चढ़ाकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। दूर-दराज से आए दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं, जिससे मेले की रौनक और बढ़ गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

Share this story