उत्तर प्रदेश में विकास के नाम से जाने जाते थे कमलापति त्रिपाठी : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश में विकास के नाम से जाने जाते थे कमलापति त्रिपाठी : कांग्रेस


मीरजापुर, 03 सितम्बर (हि.स.)। कांग्रेस कमेटी की ओर से रविवार को कांग्रेस ने नगर के आवास विकास काॅलोनी स्थित कमलापति त्रिपाठी पार्क में कमलापति त्रिपाठी की 118वीं जयंती मनाई। साथ ही उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कमलापति तिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने कहा कि कमलापति त्रिपाठी जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब किसानों के लिए नहर एवं उद्योग पर विशेष ध्यान देते थे। वे उत्तर प्रदेश में विकास के नाम से जाने जाते थे।

जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर चौबे ने कहा कि कमलापति त्रिपाठी की स्वतंत्रता आंदोलन में भी अहम भूमिका थी। वह पत्रकार के रूप में भी जाने जाते थे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य व जिला मीडिया प्रभारी छोटे खान ने कहा कि कमलापति त्रिपाठी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस दौरान यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमर दुबे, रमेश प्रजापति, कमलेश दुबे, अल्पसंख्यक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विक्रम जैन, दुर्गा प्रसाद चौधरी आदि थे।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/दीपक/विद्याकांत

Share this story