कमालगंज : शॉर्ट सर्किट से मजदूर के घर में लगी आग, अनाज समेत गृहस्थी का सामान जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now

फर्रुखाबाद, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया में रविवार को शॉर्ट सर्किट से एक मजदूर के घर में भीषण आग लग गई। हादसे में घर का पूरा सामान और लगभग 20 बोरी गेहूं जलकर खाक हो गया। आग से पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

गढ़िया गांव निवासी रामविलास पुत्र खुन्नूलाल के घर में आज करीब 12:45 बजे अचानक आग भड़क उठी। रामविलास और उनकी पत्नी धोनी देवी ने बताया कि बिजली आने के लगभग डेढ़ घंटे बाद शॉर्ट सर्किट से आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। गेहूं समेत सब कुछ जलकर राख हो गया।

पीड़ित ने बताया कि हाल ही में मजदूरी कर खरीदे गए करीब 20 बोरी गेहूं रखे थे, जो आग की चपेट में आकर जल गए। घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान भी खाक हो गया। कुछ गेहूं आग बुझाने के दौरान पानी पड़ने से खराब हो गया।

ग्रामीणों ने 45 मिनट में पाया काबू

आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर करीब 40 से 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ज्यादातर सामान जल चुका था।

पीड़ित रामविलास ने बताया कि वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आगजनी से उनकी जमा पूंजी और खाने का सहारा छिन गया है।

प्रशासन से मदद की गुहार

ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। सीओ ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story