काली नदी में मिला कन्नौज के युवक का शव
फर्रुखाबाद,03 जून (हि.स.)। कमालगंज ब्लॉक क्षेत्र में स्थित काली नदी से बुधवार को एक युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना न्याय पंचायत गदनपुर तुर्रा के उदनपुर चौकी क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कन्नौज जनपद के विजयनगर निवासी बेचेलाल के पुत्र के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और उनसे भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक के नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही थी और उसकी तलाश की जा रही थी। बुधवार को उसका शव नदी में मिलने के बाद तलाश अभियान समाप्त हो गया। शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश चंद्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जायेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

