ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ भव्य ‘काकोरी स्टेशन महोत्सव’

WhatsApp Channel Join Now
ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ भव्य ‘काकोरी स्टेशन महोत्सव’


ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ भव्य ‘काकोरी स्टेशन महोत्सव’


स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, मेधावी छात्र-छात्राएं व सेवानिवृत्त रेलकर्मी हुए सम्मानित

मुरादाबाद, 31 अगस्त (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल के ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार (31 अगस्त) को गरिमामयी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में ‘काकोरी स्टेशन महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य काकोरी रेलवे स्टेशन से जुड़े ऐतिहासिक महत्व, स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली स्मृतियों तथा काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े अमर क्रांतिकारियों के योगदान को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जोड़ना रहा।

मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) परितोष गौतम एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। इसके उपरांत अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) परितोष गौतम द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया गया। इनमें पद्मश्री से सम्मानित कलीमुल्लाह, अमर शहीद अशफाक उल्ला खाँ के प्रपौत्र आफाक उल्ला खाँ तथा महान क्रांतिकारी सचिन्द्र नाथ बख्शी की पौत्री मीता बख्शी शामिल रहीं। सभी विशिष्ट अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में रेलवे में अपनी दीर्घ सेवाएं प्रदान कर चुके सेवानिवृत्त रेलकर्मियों एके सिंह (सेवानिवृत्त एसएस), ओपी मिश्रा (सेवानिवृत्त एसएस), सतीश श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त सीआरएस), राजपाल सिंह (सेवानिवृत्त सीपीएस) एवं हैदर अली (सेवानिवृत्त एसएस) को भी शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) परितोष गौतम ने अपने संबोधन में काकोरी ट्रेन एक्शन तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर क्रांतिकारियों का स्मरण करते हुए कहा कि काकोरी की ऐतिहासिक धरती भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी गाथा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास एवं स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story