रुहेलखंड के पत्रकारों ने आजादी के आंदोलन में निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका : संतोष गंगवार

WhatsApp Channel Join Now
रुहेलखंड के पत्रकारों ने आजादी के आंदोलन में निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका : संतोष गंगवार


मुरादाबाद, 11 अप्रैल (हि.स.)। रुहेलखंड के पत्रकारों ने आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और आज डिजिटल मीडिया के दौर में भी पत्रकारिता की मूल भावना को बनाए रखना जरूरी है। यह बातें झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मुरादाबाद में शनिवार शाम को दिल्ली रोड स्थित पर्यटक आवास गृह होटल राही में उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) के प्रादेशिक अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहीं।

मुख्य अतिथि संतोष कुमार गंगवार ने पत्रकारों से राष्ट्र और समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कि पत्रकारों की समाज को जागरूक करने में अहम भूमिका है। बदलते समय में ऐसी पत्रकारिता की आवश्यकता है, जो जनसरोकारों से जुड़ी हो और समाज को सकारात्मक दिशा दे।

विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह चाैधरी ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि एक मिशन और साधना है। कलम की शक्ति विचारों को आकार देती है और व्यवस्था को आईना दिखाने का कार्य करती है, इसलिए पत्रकारों को अपने नैतिक दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार, पूर्व कुलपति एवं नेशनल बुक ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष बल्देव भाई शर्मा ने कहा कि ऐसे अधिवेशन संवाद, समन्वय और सामूहिक चिंतन का मार्ग प्रशस्त करते हैं। वर्तमान परिस्थितियों में पत्रकारों का दायित्व है कि वे राष्ट्रहित और राष्ट्र निर्माण में अपनी लेखनी के माध्यम से योगदान दें।

विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह ‘व्यस्त’ ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनकी निष्पक्ष कलम समाज की चेतना को जागृत करती है।

नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने संस्था द्वारा पत्रकारों के हित में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।

उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, संचालन बाबा संजीव आकांक्षी ने किया और आभार उपज के जिलाध्यक्ष हरि प्रकाश शर्मा ने व्यक्त किया।

प्रदेश महामंत्री आनंद कर्ण, जिला महामंत्री कुमार देव, डॉ. मनोज रस्तोगी, अभिषेक भारद्वाज, वीरभान सिंह, सुशील कुमार शर्मा, अभिव्यक्ति सिन्हा और कृति पांचाल विश्वकर्मा ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story