अनिल गुप्ता के निधन पर पत्रकारों ने जताया शोक, प्रेस क्लब सभागार में हुई शोकसभा
गोरखपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। स्वतंत्र जनमित्र और स्वतंत्र जनभारती के संरक्षक 58 वर्षीय अनिल गुप्ता के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से पत्रकारों और उनसे जुड़े लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।
उनके निधन पर गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के सभागार में बुधधार काे मान्यता प्राप्त समिति के अध्यक्ष डॉ. अरविंद राय की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा में उपस्थित पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत अनिल गुप्ता की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
शोकसभा में पत्रकारों ने कहा कि अनिल गुप्ता का व्यक्तित्व बेहद सरल और मिलनसार था। वह अपने आत्मीय व्यवहार और मुस्कुराते चेहरे से लोगों के बीच अलग पहचान रखते थे। स्वतंत्र जनमित्र और स्वतंत्र जनभारती के संरक्षक के रूप में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा। पत्रकारों के साथ उनके आत्मीय संबंध थे। वह हर किसी से बड़े अपनत्व के साथ मिलते थे। उनके असामयिक निधन से पत्रकारिता जगत ने एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया है, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
पत्रकारों ने कहा कि अनिल गुप्ता का जाना केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि उनसे जुड़े पत्रकारों, शुभचिंतकों और सामाजिक क्षेत्र के लोगों के लिए भी गहरा आघात है। उनका सहज व्यवहार, सहयोग की भावना और सबको साथ लेकर चलने का स्वभाव हमेशा लोगों की स्मृतियों में बना रहेगा।
शोकसभा में गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी, उपाध्यक्ष धनेश निषाद, कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव, पूर्व अध्यक्ष रितेश मिश्रा, पूर्व मंत्री मनोज यादव, सूर्य प्रकाश गुप्ता, धीरेंद्र गुप्ता, रामचंद्र शाही, वेद पाठक, आलोक श्रीवास्तव, मनौव्वर रिजवी, उमेश मिश्रा, विवेक सिंह, मंसूर खान सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

