टीबी मुक्त भारत अभियान में जौनपुर में ‘जॉश’ टीम लॉन्च

WhatsApp Channel Join Now
टीबी मुक्त भारत अभियान में जौनपुर में ‘जॉश’ टीम लॉन्च


जौनपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी केे जौनपुर में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ (जॉश) टीम का शुभारंभ किया गया। भारत मंडपम, नई दिल्ली से आयोजित कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण जौनपुर में भी किया गया।

जिलाधिकारी के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बताया गया कि जनपद के ग्रामों, नगर पंचायतों एवं वार्डों में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा के लिए खंड विकास अधिकारियों तथा अधिशासी अधिकारियों के स्तर से सहयोग लिया जाएगा। इसके साथ ही एनएसएस, एनसीसी और भारत वॉलंटियर्स को जोड़कर ‘जॉश’ टीम का गठन किया गया है। टीम अपने-अपने क्षेत्रों में टीबी मरीजों को सहयोग देने के साथ समुदाय को बीमारी के प्रति जागरूक करेगी।

टीम के सदस्य टीबी मरीजों को उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित करने, सरकार की योजनाओं की जानकारी देने तथा ग्राम पंचायतों एवं वार्डों को टीबी मुक्त बनाने के प्रयासों में सहयोग करेंगे।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, एसडीएम सदर शिव प्रताप, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. आलोक सिंह, डॉ. अरुण भारती, डॉ. अरुण यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुशील अग्रहरि ने किया। समन्वयक सलिल कुमार, राजीव कुमार, सुरेंद्र कुमार, लोकेश कुमार, संजय और नितिन कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story