मौरंग खनन के अवैध भंडारण पर प्रशासन-पुलिस की संयुक्त छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
मौरंग खनन के अवैध भंडारण पर प्रशासन-पुलिस की संयुक्त छापेमारी


नदी किनारे 10 ट्रैक्टर मौरंग का अवैध भंडारण मिला

हमीरपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे अवैध मौरंग खनन की खबरों और शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अशोक कुमार के निर्देश पर बुधवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सात स्थानों पर छापेमारी कर नदी किनारे डंप की गई मौरंग को जेसीबी से नष्ट कराया। साथ ही खनन और वाहनों की निकासी के रास्तों को खुदवाकर बंद कर दिया गया।

कलौलीतीर, सहजना, बरहदा, रमेड़ी, सिड़रा, कनौटा और पतारा दरिया में चोरी-छिपे मौरंग खनन की शिकायतें सामने आई थीं। इनका संज्ञान लेते हुए एसडीएम हमीरपुर, सीओ सदर और खान निरीक्षक की संयुक्त टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान नदी किनारे करीब 8 से 10 ट्रैक्टर मौरंग का अवैध डंप मिला। टीम ने जेसीबी मशीन से मौरंग के ढेर को नष्ट कराया और निकासी मार्गों को खुदवाकर अवरुद्ध कर दिया, ताकि दोबारा अवैध खनन और परिवहन न हो सके। हालांकि कार्रवाई के दौरान मौके पर कोई खननकर्ता या अवैध परिवहन करता वाहन नहीं मिला। प्रशासन ने अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान जारी रखने की चेतावनी दी है। सवाल यह है कि नदी किनारे इतना मौरंग डंप होने के बावजूद जिम्मेदारों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कब होगी? फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हलचल मची है। एसडीएम सदर अभिषेक कुमार ने बताया कि छापेमारी में दस मौरंग के अवैध डंप मिले है जिन्हें जेसीबी से नष्ट कराया गया है। बताया कि अवैध खनन के रास्ते भी बंद करा दिए गए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story