देवरिया में कड़ी सुरक्षा के बीच संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा शुरू, 13,892 अभ्यर्थी हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में कड़ी सुरक्षा के बीच संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा शुरू, 13,892 अभ्यर्थी हुए शामिल


देवरिया में कड़ी सुरक्षा के बीच संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा शुरू, 13,892 अभ्यर्थी हुए शामिल


देवरिया, 31 मई (हि.स.)। जिले में रविवार को संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक निगरानी के बीच शुरू हो गई। जिले के 31 परीक्षा केंद्रों पर कुल 13,892 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों के पहचान पत्र और प्रवेश पत्र का मिलान किया गया तथा सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति दी गई।

परीक्षा के मद्देनजर शनिवार से ही जिले में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज के जिलों से आए कई परीक्षार्थियों ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, धर्मशालाओं और होटलों में रात बिताई। शहर के अधिकांश होटल और लॉज पहले से ही भर गए थे, जिसके कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को सार्वजनिक स्थलों और रेलवे स्टेशन परिसर में रुकना पड़ा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्र होने पर रोक लगाई गई है। नकल और अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा उड़नदस्तों की मदद से लगातार निगरानी की जा रही है।

जिलाधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जाएगी तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story