प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए : मंत्री राकेश सचान

WhatsApp Channel Join Now
प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए : मंत्री राकेश सचान


कानपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का संकल्प है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। यह बातें रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में आयोजित वृहद वृक्षारोपण महाअभियान के शुभारंभ के अवसर पर कहीं।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यदि पेड़-पौधे नहीं होंगे तो पर्यावरण का संतुलन बिगड़ेगा और ऑक्सीजन की उपलब्धता भी प्रभावित होगी। उन्होंने लोगों से अपने घर, मोहल्ले, विद्यालय, कार्यालय और अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं और जनभागीदारी से ही कानपुर को हराभरा, स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।

500 से अधिक स्थानों पर किया गया पौधारोपण

सीएसए परिसर में मंत्री राकेश सचान के द्वारा मुख्य कार्यक्रम आयोजित कर वृहद वृक्षारोपण महाअभियान की शुरुआत की गई। इसके साथ ही 500 से अधिक चिन्हित स्थलों पर 35 लाख 84 हजार 556 पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर अभियान को शुरू किया। जबकि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पौधारोपण कर अभियान को गति दी।

अभियान के तहत कानपुर में सात थीम आधारित वन विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 51 गोआश्रय स्थलों पर गोकुल वाटिकाओं का निर्माण भी किया गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ जैव विविधता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में अभियान के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एम.के. षणमुग सुंदरम, सांसद रमेश अवस्थी, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story