संदिग्ध परिस्थितियों में कार में अचेत मिला जितेन्द्र दूबे, मौत

WhatsApp Channel Join Now
संदिग्ध परिस्थितियों में कार में अचेत मिला जितेन्द्र दूबे, मौत


देवरिया, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के शहर के भूसौली कॉलोनी, चीनी मिल के समीप बुधवार देर शाम को एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में कार के अंदर अचेत अवस्था में मिला। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को कार से बाहर निकाला।

पुलिस ने बिना देर किए एंबुलेंस 108 को बुलाया और अचेत व्यक्ति को इलाज के लिए महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जितेन्द्र दूबे, निवासी दुबौली महेन के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि वह जिला परियोजना प्रबंधन से जुड़े हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बेहाल हो गये। पूरे घटनाक्रम से इलाके में मातम का माहौल बन गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी तक किसी तरह की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।

कोतवाल राकेश राय का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। कार की स्थिति, घटनास्थल के हालात और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story