तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, बच्चे व दादी समेत तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, बच्चे व दादी समेत तीन की मौत


तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, बच्चे व दादी समेत तीन की मौत


तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, बच्चे व दादी समेत तीन की मौत


झांसी, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित बबीना थाना क्षेत्र में बुधवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार वर्षीय बच्चे और उसकी दादी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बच्चे के दादा गंभीर रूप से घायल हैं। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसा रात करीब 8:30 बजे बीएचईएल स्थित महिमा ढाबे के पास हुआ।

चंदौली गांव निवासी आनंद रजक अपनी पत्नी उर्मिला और चार वर्षीय पोते संस्कार उर्फ भानू के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक पड़ोसी गांव सुकुवां निवासी रविंद्र पाल (21) चला रहा था। रविंद्र के बाइक चलाने के दौरान ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में बाइक के सबसे आगे बैठे भानू की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी दादी उर्मिला का भी सिर कुचल गया। हादसे में दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। घायल आनंद और रविंद्र को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रात करीब 12 बजे रविंद्र ने भी दम तोड़ दिया।

बताया गया कि आनंद की बेटी शिवानी ने बुधवार को अस्पताल में बेटी को जन्म दिया था। आनंद और उर्मिला नवजात नातिन को देखने अस्पताल आए थे। लौटते समय भानू भी दादी के साथ जाने की जिद करने लगा और परिवार के साथ बाइक पर बैठ गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बच्चे के पिता महेंद्र को जब बेटे और मां की मौत की जानकारी हुई तो वह अस्पताल में रोते हुए बेहोश हो गया। वहीं रविंद्र की शादी महज 11 महीने पहले हुई थी। उसकी मौत की खबर सुनकर पत्नी डोली और मां इमरती बेसुध हो गईं।

सीओ सदर प्रिया सिंह ने बताया कि ट्रक झांसी से ललितपुर की ओर जा रहा था। उसने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। घायल का इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर बबीना थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story