मिठाई की तीन दुकानों पर एफडीए का छापा, गंदगी मिलने पर नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
मिठाई की तीन दुकानों पर एफडीए का छापा, गंदगी मिलने पर नोटिस


वंदना, बीकानेर वाला और चेलाराम स्वीट्स के खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

झांसी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में दीपावली के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने गुरुवार को शहर की तीन मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। साफ-सफाई और रखरखाव ठीक नहीं मिलने पर दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर टीम ने इलाइट चौराहा स्थित वंदना स्वीट्स, इलाहाबाद बैंक चौराहा स्थित बीकानेर वाला और सीपरी बाजार स्थित चेलाराम स्वीट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान रंगीन छेना, पनीर, खोया, बूंदी के लड्डू और चटनी के नमूने संग्रहित किए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत फूड सेफ्टी मोबाइल लैब वैन से खाद्य कारोबारियों को जागरूक भी किया गया। डोम-24 उपकरण के माध्यम से खाद्य पदार्थ तलने में इस्तेमाल होने वाले गर्म तेल की गुणवत्ता जांचकर शुद्धता के प्रति जागरूक किया गया।

सहायक आयुक्त खाद्य पवन कुमार ने बताया कि सभी खाद्य कारोबारियों के लिए लाइसेंस या पंजीकरण अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। टीम में सत्यम भारती, सुनील कुमार, झंकार सिंह, सैनिक सिंह, ज्ञानेंद्र पाल सिंह चंदेल और जितेंद्र सिंह शामिल रहे।

शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर

खाद्य पदार्थों से जुड़ी शिकायत के लिए विभाग के टोल फ्री नंबर 18001805533 पर संपर्क किया जा सकता है। झांसी से संबंधित शिकायत सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय के मोबाइल नंबर 9368414711 पर भी की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769049 Articles

Share this story