बासी खाने की शिकायत पर ग्राहक से मारपीट और बवाल पर आईजी ने दिए जांच के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बासी खाने की शिकायत पर ग्राहक से मारपीट और बवाल पर आईजी ने दिए जांच के निर्देश


झांसी, 05 जुलाई (हि.स.)। शहर के नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित इलाइट चौराहे के पास एक भोजनालय में बासी खाने की शिकायत करना ग्राहक को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत करने पर भोजनालय के कर्मचारियों ने ग्राहक के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार राहुल राय नामक ग्राहक अपने मित्रों के साथ दोपहर हरिशंकर भोजनालय में खाना खाने पहुंचे थे। खाना परोसे जाने के बाद उन्होंने भोजन के बासी होने की शिकायत की। आरोप है कि शिकायत सुनते ही भोजनालय के कर्मचारियों और स्टाफ का रवैया आक्रामक हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और कर्मचारियों ने राहुल राय के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि उस पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल राहुल राय को उपचार के लिए भेजा गया, जबकि पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई।

वहीं होटल संचालक जितेन्द्र राय ने बताया कि ग्राहक शराब के नशे में धुत थे। न उन्होंने खाना खाया। बल्कि स्टॉफ के साथ मारपीट की।

पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मामले को संज्ञान में लेते हुए आईजी आकाश कुलहरि ने झांसी पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले में रविवार काे झांसी पुलिस का सोशल मीडिया पर बयान आया है कि नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story