भगवान भक्तों के हितकारी, मंत्रों के अधीन है परम सत्ता : महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि

WhatsApp Channel Join Now
भगवान भक्तों के हितकारी, मंत्रों के अधीन है परम सत्ता : महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि


भगवान भक्तों के हितकारी, मंत्रों के अधीन है परम सत्ता : महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि


दुर्गा सप्तशती के महत्व का किया वर्णन, पार्वती विवाह और पर्वतराज हिमाचल के घर हुए वैवाहिक उत्सव की सुनाई कथा

मंत्रों के अनुष्ठान के साथ श्रवण मात्र से भी मिलता है लाभ, नित्य दुर्गा सप्तशती का पाठ करने वाले घर की रक्षा करती हैं मां भगवती

झांसी, 29 नवंबर (हि.स.)। निरंजनी अखाड़े के पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरि महाराज ने श्रीराम कथा के चतुर्थ दिवस श्रद्धालुओं को भक्ति, मंत्र शक्ति और देवी उपासना का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि भगवान को भक्त हितकारी कहा गया है। भक्तों पर आने वाले संकट और उनके ऊपर लगे कलंक को समूल नष्ट करने में भगवान सक्षम हैं। परमात्मा सदैव अपने भक्तों का कल्याण करते हैं और उनकी रक्षा करते हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम व उनके भाइयों के प्रकट होने की भी कथा सुनाई।

कथा के दौरान महाराज ने माता पार्वती के विवाह का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने पर्वतराज हिमाचल के घर आयोजित विवाह समारोह की कथा सुनाते हुए बताया कि किस प्रकार माता पार्वती का विवाह भगवान शिव के साथ संपन्न हुआ और हिमालय से विदाई के बाद माता कैलाश में विराजमान हुईं। कथा प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

इससे पूर्व महाराज ने दुर्गा सप्तशती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देवता मनुष्य के नहीं, बल्कि मंत्रों के अधीन होते हैं। मंत्रों का विधि-विधान से अनुष्ठान करने के साथ उनका श्रवण करने मात्र से भी लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि दुर्गा सप्तशती का नित्य पाठ जिस घर में होता है, उस घर की रक्षा स्वयं मां भगवती करती हैं। जब-जब देवताओं पर संकट आया, तब-तब उन्होंने मां भगवती की स्तुति कर शक्ति प्राप्त की। दुर्गा सप्तशती के चौथे अध्याय का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि देवताओं ने महिषासुर के वध के बाद मां भगवती की स्तुति की थी। देवता और महर्षि भी मां की आराधना कर अपने मंगल की कामना करते हैं।

मंत्र साधना की महत्ता बताते हुए उन्होंने कहा कि भगवती, भगवान राम, हनुमान जी, मां काली, भगवान विष्णु, भगवान शिव और मां गंगा के बीज मंत्रों का निरंतर जप साधक को आध्यात्मिक उन्नति की ओर ले जाता है। साधना के माध्यम से मनुष्य परम तत्व की अनुभूति कर सकता है। उन्होंने कहा कि रामकथा भी ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए व्यक्ति एक पल में परम सत्ता का एहसास कर सकता है। इसके अलावा गुरु कृपा और नियमित साधना से भी परमात्मा की अनुभूति संभव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान मंत्रों के अधीन हैं, किसी व्यक्ति के अधीन नहीं।

चतुर्थ दिवस की कथा के पावन अवसर पर ब्राह्मण आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं स्वस्तिवाचन के साथ आचार्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज का भव्य अभिनंदन किया। कथा के शुभारंभ के दौरान मुख्य चरण सेवक सोनम अनूप कुमार शिवहरे 'देहाती' तथा सहायक चरण सेवक पूजा अभिषेक श्रीवास्तव ने पूजन अर्चन किया।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर बाल साध्वी पुष्पांजलि गिरि, अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास, ललितपुर तुवन मंदिर के रामलखन दास, राजीव पाठक, मनोज पाठक, आरएसएस के सह क्षेत्र कार्यवाह (पूर्वी उत्तर प्रदेश) अनिल श्रीवास्तव, सह प्रांत बौद्धिक प्रमुख अखंड, विभाग प्रचारक मनोज, धर्मेंद्र चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार अमरनाथ पांडेय,कमली राजीव सिंह पारीछा आशीष कुशवाहा, द्रौपदी एवं जमुना कुशवाहा, वीरेंद्र राय, अरविंद सिंह, राधिका एवं आकाश राय, शिवम राय, ममता राय, संजय कुमार, दिलीप शिवहरे, राहुल कुशवाहा, शीलू उदानिया और संजीव श्रृंगीऋषि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785544 Articles

Share this story