औद्योगिक वेस्ट से बना सेल्फी पॉइंट, स्वच्छता का संदेश देगा राजगढ़
मंडलायुक्त बिमल दुबे ने किया लोकार्पण, जनभागीदारी से स्वच्छ झांसी बनाने पर जोर
झांसी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। औद्योगिक वेस्ट के रचनात्मक पुनः उपयोग से राजगढ़ में विकसित सेल्फी पॉइंट का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। नगर निगम झांसी और स्मार्ट सिटी की पहल से तैयार इस सेल्फी पॉइंट का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति रोकना और नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में मंडलायुक्त बिमल दुबे मुख्य अतिथि और नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अन्ना सुदन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की।
मंडलायुक्त बिमल दुबे ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों और औद्योगिक संस्थानों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे आना चाहिए। प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ऐसी पहलों को व्यापक स्तर पर लागू किया जा सकता है।
नगर आयुक्त अन्ना सुदन ने कहा कि नगर निगम शहर की स्वच्छता और जनहित से जुड़ी सकारात्मक पहलों का स्वागत करता है। सामाजिक संगठनों एवं औद्योगिक संस्थानों को नए विचारों और प्रस्तावों के साथ नगर निगम कार्यालय आने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि ऐसे प्रस्तावों पर विचार कर संबंधित संगठनों के सहयोग से शहर की स्वच्छता और सामाजिक व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष धीरज खुल्लर ने सेल्फी पॉइंट की परिकल्पना और उद्देश्य की जानकारी देते हुए नगर निगम, स्मार्ट सिटी तथा संबंधित अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से स्वच्छ एवं सुंदर झांसी के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन चैंबर के संयुक्त सचिव अमित सिंह ने किया। इस दौरान महासचिव पवन सरावगी, लखनलाल गुप्ता, संजय राय, अतुल किलपन, राजू परवार, सुशील परेछा, राजीव मेहता, विवेक बंसल सहित चैंबर के सदस्य मौजूद रहे। नगर निगम की ओर से नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राघवेंद्र और स्मार्ट सिटी के अधिकारी भी उपस्थित रहे। चैंबर ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

