मकान ढहने से हुई जनहानि को लेकर विधायक ने आर्थिक सहायता के लिए लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
मकान ढहने से हुई जनहानि को लेकर विधायक ने आर्थिक सहायता के लिए लिखा पत्र


झांसी, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में पुरानी पसरट स्थित चूड़ी वाली गली में 24 अगस्त को क्षतिग्रस्त मकान अचानक ढह जाने से हुई जनहानि के मामले में नगर विधायक रवि शर्मा ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी झांसी को पत्र लिखा है। हादसे में मुकेश हयारण गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी सूरज देवी की मृत्यु हो गई।

नगर विधायक ने घटना को अत्यंत हृदयविदारक और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि वह स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान जानकारी मिली कि पीड़ित दंपत्ति ने पूर्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास के लिए आवेदन किया था। विधायक ने जिलाधिकारी से परिवार की स्थिति को देखते हुए आवास योजना का लाभ अविलंब दिलाए जाने का आग्रह किया है, ताकि संकट की घड़ी में परिवार को सुरक्षित आवास मिल सके।

इसके साथ ही विधायक ने जिलाधिकारी कोष से मृतका सूरज देवी के परिवार तथा घायल मुकेश हयारण के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि हादसे से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत और आवश्यक सरकारी सहायता मिलना बेहद जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story