गांधी-शास्त्री जयंती पर सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली, डीएम ने दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
गांधी-शास्त्री जयंती पर सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली, डीएम ने दिखाई हरी झंडी


झांसी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को दोपहिया वाहन एवं जन जागरूकता रैली निकाली गई। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी गौरांग राठी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जीवन अमूल्य है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करना चाहिए। उन्होंने अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा तेज गति, स्टंट और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचें।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहने के साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है।

एआरटीओ हेमचंद्र सिंह गौतम ने बताया कि प्रचार वाहन और बाइक रैली कलेक्ट्रेट कार्यालय से प्रारंभ होकर इलाइट चौराहा, चित्रा चौराहा और बीकेडी चौराहा होते हुए पुनः इलाइट चौराहा पहुंची। इसके बाद रैली संभागीय परिवहन कार्यालय झांसी में समाप्त हुई।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में दोपहिया वाहनों की लगातार जांच भी की जा रही है। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के चालान किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने वाहन चालकों से दस्तावेज साथ रखने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की।

रैली में जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, एडीएम न्याय अरुण कुमार गौड़, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन प्रथम हेमचंद्र सिंह गौतम, एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय डॉ. सुजीत कुमार सिंह, यात्री/मालकर अधिकारी सुरेंद्र कुमार अग्रवाल, संभागीय निरीक्षक संजय सिंह सहित बस, ट्रक और टेंपो यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story