रेलवे स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई, 310 यात्रियों से वसूला 65,400 रुपये जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई, 310 यात्रियों से वसूला 65,400 रुपये जुर्माना


झांसी, 28 जुलाई (हि.स.)। रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल द्वारा प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 310 यात्रियों से कुल 65,400 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुरक्षित और यात्री अनुकूल बनाए रखना था। अभियान के तहत रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमों ने प्रमुख स्टेशनों पर सघन जांच की और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों को चिन्हित किया।

विशेष अभियान के अंतर्गत वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, खजुराहो, बांदा, ललितपुर, चित्रकूट धाम कर्वी, उरई, महोबा, महाराजा छत्रसाल स्टेशन (छतरपुर) और मुरैना स्टेशन पर जांच की गई। इस दौरान कुल 310 यात्री स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाते हुए पकड़े गए। रेलवे अधिनियम की धारा 145 के तहत सभी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 65,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसरों, प्लेटफार्मों और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। कूड़ा-कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और रेलवे की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ स्टेशन यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी हैं। भविष्य में भी स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story