लोकतंत्र में सभी को आवाज उठाने का अधिकार, राष्ट्रविरोधी ताकतों पर हो सख्त कार्रवाई : ऋतेश्वर महाराज

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र में सभी को आवाज उठाने का अधिकार, राष्ट्रविरोधी ताकतों पर हो सख्त कार्रवाई : ऋतेश्वर महाराज


आध्यात्मिक गुरु ने कहा, मथुरा व काशी के मुद्दों को हल होने में नहीं लगेंगे 500 दिन

झांसी, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से सर्किट हाउस में मिलने के बाद आध्यात्मिक गुरु ऋतेश्वर महाराज ने देश के समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुरूप सभी भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग आंदोलित है और लोकतंत्र में सभी नागरिकों को अपनी बात रखने का अधिकार है। यदि लोगों को आवाज उठाने से रोका जाएगा तो लोकतंत्र की भावना कमजोर होगी। उन्होंने यहां काशी व मथुरा के मुद्दों को हल होने में 500 दिन भी न लगने का दावा किया।

आध्यात्मिक गुरु ऋतेश्वर महाराज ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया, जो उनका दायित्व था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस्तीफा देने में शिक्षा मंत्री ने देरी की। साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्रविरोधी ताकतों के खिलाफ भी बिना किसी देरी के कार्रवाई किए जाने की बात कही। उनका कहना है कि यूजीसी और शिक्षा व्यवस्था में छात्रों के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। सरकार का दायित्व है कि वंचित वर्ग को आगे बढ़ाए और समृद्ध वर्ग की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतभेद विचारों और मुद्दों के आधार पर हो सकते हैं, लेकिन सभी को राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

ऋतेश्वर महाराज ने दावा किया कि हालिया आंदोलनों में विदेशी ताकतों की घुसपैठ थी तथा लगभग 450 सोशल मीडिया हैंडल पाकिस्तान से संचालित किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि देश सुरक्षित हाथों में है और हर नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

मथुरा और काशी से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर के निर्माण में 500 वर्ष लगे थे और उन्हें विश्वास है कि मथुरा-काशी के मुद्दों के समाधान में 500 दिन भी नहीं लगेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि जहां भय समाप्त होता है, वहीं विकास की संभावनाएं बढ़ती हैं। योगी आदित्यनाथ के प्रधानमंत्री बनने की संभावना पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी का स्वागत है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यों का समर्थन करते हुए उन्हें राष्ट्रहित और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पित बताया। यही नहीं मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भूमि मामलों में लग रहे आरोपों को उन्होंने निराधार बताया। आध्यात्मिक गुरु ऋतेश्वर महाराज ने कहा कि वह राष्ट्र व सनातन के प्रति समर्पित व्यक्ति हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story