झांसी : रानी लक्ष्मीबाई की गौरव गाथा सुनाएंगे युवा कवि पंकज पंडित, दिव्यांगों को मिलेंगे निःशुल्क उपकरण

WhatsApp Channel Join Now
झांसी : रानी लक्ष्मीबाई की गौरव गाथा सुनाएंगे युवा कवि पंकज पंडित, दिव्यांगों को मिलेंगे निःशुल्क उपकरण


बुन्देलखण्ड गौरव फाउंडेशन 18 और 19 नवंबर को आयोजित करेगा दो दिवसीय कार्यक्रमरानी की छठवीं पीढ़ी के वंशज योगेश राव नेवालकर सपरिवार होंगे शामिल

झांसी, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर बुन्देलखण्ड गौरव फाउंडेशन द्वारा 18 और 19 नवंबर को दो दिवसीय सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य, साहस, त्याग और बलिदान की गौरव गाथा प्रस्तुत करने के साथ जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।

फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने रविवार काे पत्रकार वार्ता में बताया कि 18 नवंबर को दोपहर तीन बजे किला रोड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें देश के प्रसिद्ध युवा कवि एवं लेखक पंकज पंडित 'रानी झांसी की गौरव गाथा' का ओजस्वी प्रस्तुतिकरण करेंगे। कार्यक्रम में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की छठवीं पीढ़ी के वंशज श्रीमंत योगेश राव नेवालकर सपरिवार विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा बुंदेलखंड के अनेक गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।

आयोजन के दौरान जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। फाउंडेशन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर उनके जीवन को सुगम और सम्मानजनक बनाना है।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 19 नवंबर को सुबह आठ बजे मेडिकल बायपास स्थित महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर फाउंडेशन के पदाधिकारियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर माल्यार्पण किया जाएगा।

फाउंडेशन के अजय कुमार ने नगरवासियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और प्रबुद्धजनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।

पत्रकार वार्ता में एडवोकेट कुमार वैभव तिवारी, महेश पटैरिया, जयकरन सिंह, अजय कुमार गौतम, पार्षद प्रवीण कुमार लखेरा, अंकित राजा यादव, एडवोकेट आकाश राय, उमाकांत परिहार, राहुल कुशवाहा, विशाल यादव और सोनू पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777723 Articles

Share this story