पहली बारिश में डूबा झांसी, कांग्रेस का नगर निगम पर हल्ला बोल
डस्टबिन व बाईपर लेकर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, लगाए गंभीर आरोप
झांसी, 03 जुलाई (हि.स.)। मानसून की पहली ही बारिश ने झांसी में जलभराव और सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के कई गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में बारिश का गंदा पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जगह-जगह जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित हुआ और नागरिकों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। इस स्थिति को लेकर कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना पर गंभीर सवाल उठाए।
शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता हाथों में वाइपर और डस्टबिन लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं पूरी तरह विफल साबित हुई हैं।
प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि नगर निगम ने नालों की सफाई का जिम्मा निजी कंपनी को सौंपा था, लेकिन इसके बावजूद नालों की प्रभावी सफाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कार्य में केवल भ्रष्टाचार हुआ, जिसका खामियाजा अब शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। उनका कहना था कि यदि समय रहते नालों की समुचित सफाई की गई होती तो पहली ही बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव की नौबत नहीं आती।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि लक्ष्मी गेट, गल्ला मंडी रोड, अजय एन्क्लेव, गुदरी मोहल्ला, बड़ागांव गेट के बाहर सहित शहर के अनेक क्षेत्रों में बारिश का पानी भर गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ। उन्होंने नगर निगम से तत्काल जलनिकासी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। इस अवसर पर अधिवक्ता विवेक वाजपेई, अमीरचंद, डॉ. सुनील तिवारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

