सरकार जातिगत जनगणना में ड्रॉपडाउन सूची को करे शामिल : हिना कावरे
कराई जा रही जातीय जनगणना में गिनाईं कमियां
झांसी, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पूर्व कांग्रेस विधायक हिना कावरे शनिवार को झांसी पहुंचीं। यहां एक स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा कराई जा रही जातिगत जनगणना की प्रक्रिया में कमियां बताते हुए उसमें सुधार किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना का पहला चरण शुरू हो चुका है और दूसरा चरण जनवरी में प्रस्तावित है, ऐसे में प्रक्रिया की खामियों को समय रहते दूर किया जाना जरूरी है।
हिना कावरे ने बताया कि जनगणना की प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न हैं। इनमें 10वें प्रश्न में जाति की जानकारी के लिए ड्रॉपडाउन सूची का प्रावधान नहीं किया गया है। इसके चलते जाति दर्ज करने को लेकर भ्रम की स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि ओबीसी, सामान्य और अल्पसंख्यक वर्ग के साथ-साथ ईडब्ल्यूएस से संबंधित प्रमाणिक विवरण भी स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं है। व्यक्ति द्वारा जो जानकारी दी जाती है, उसे ही आधार मान लेने से आंकड़ों की प्रमाणिकता पर सवाल खड़े हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि जातिगत जनगणना में प्रमाणिक जातीय सूची उपलब्ध कराई जाए और ड्रॉपडाउन सूची को शामिल किया जाए, ताकि आंकड़े वास्तविक और भरोसेमंद हो सकें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर आज तक विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। कांग्रेस ने वर्ष 2021 में भी सरकार को एफिडेविट देकर जातिगत आंकड़ों की प्रक्रिया में कमियां बताई थीं।
पूर्व विधायक ने कहा कि तेलंगाना और बिहार में जातिगत सर्वे की प्रक्रिया से सीख लेते हुए केंद्र को आवश्यक सुधार करने चाहिए। उनका आरोप था कि सरकार वास्तव में जातिगत जनगणना को पूरी गंभीरता से नहीं करा रही है। यदि प्रमाणिक आंकड़े सामने आते हैं तो विभिन्न वर्गों को उनकी वास्तविक आबादी के आधार पर योजनाओं और सरकारी लाभों का बेहतर तरीके से लाभ मिल सकेगा।
हालांकि, ईडब्ल्यूएस आरक्षण को अतार्किक बताए जाने के सवाल पर हिना काबरे अपने ही जवाब में घिरती नजर आईं। उन्होंने इस मुद्दे पर अलग से चर्चा की आवश्यकता बताते हुए सवाल को टाल दिया। प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य जातिगत जनगणना की प्रक्रिया में सुधार की मांग को सामने रखना बताया गया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता गौरव जैन,शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता,जिलाध्यक्ष देशराज रिछारिया,पंकज मिश्रा नौटा,आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

