पीईटी परीक्षा : 37 केंद्रों पर दोनों पालियों में 5-5 हजार से अधिक अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

WhatsApp Channel Join Now
पीईटी परीक्षा : 37 केंद्रों पर दोनों पालियों में 5-5 हजार से अधिक अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित


पीईटी परीक्षा : 37 केंद्रों पर दोनों पालियों में 5-5 हजार से अधिक अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित


झांसी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार को जिले के 37 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कड़ी निगरानी के बीच संपन्न हुई। जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने राजकीय इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुई। दोनों पालियों में बायोमैट्रिक उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरों और परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू रहें तथा परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, प्रकाश और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि पहली पाली में 15,696 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 10,579 उपस्थित और 5,117 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 15,696 अभ्यर्थियों में 10,422 उपस्थित तथा 5,274 अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर और एक नवंबर को भी इन्हीं 37 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद परीक्षार्थियों के परिजनों से भी बातचीत की। प्रयागराज से आए परिजनों ने बताया कि वे एक दिन पहले झांसी पहुंचे और नगर निगम के आश्रय स्थल में नि:शुल्क ठहरे। टैक्सी से आवागमन में अतिरिक्त किराया भी नहीं लिया गया।

डीएम ने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने रैन बसेरों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766790 Articles

Share this story