झांसी : प्रतिष्ठानों में चेहरा छुपाकर प्रवेश हुआ निषेध

WhatsApp Channel Join Now
झांसी : प्रतिष्ठानों में चेहरा छुपाकर प्रवेश हुआ निषेध


चोरी की घटना से सबक, व्यापारी ने बनाया सुरक्षा पोस्टर; बाजारों में लगाने की पहल,एसएसपी ने सराहा

झांसी, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में सिविल लाइन स्थित रामराजा दवा बाजार में महेश मेडिकल एजेंसी में हुई चोरी की घटना के बाद पीड़ित व्यापारी विजय बरसैंया ने एक अनूठी पहल की है। उन्होंने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से एक सुरक्षा पोस्टर तैयार कराया है, जिसे बाजार के सभी प्रतिष्ठानों पर लगाने की मांग की जा रही है।

विजय बरसैंया ने बताया कि दवा बाजार में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद आरोपी की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। चोर ने सिर पर हेलमेट, बदन पर बुर्का जैसी पोशाक, हाथों में ग्लव्स और पैरों में मोजे पहनकर खुद को पूरी तरह ढक रखा था, जिससे कैमरों में उसका चेहरा स्पष्ट नहीं दिखा।

इस पहल को लेकर झांसी व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष संतोष साहू के नेतृत्व में मंगलवार काे एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल 'रज्जू भैया', महामंत्री नितिन मोदी, प्रांतीय कोषाध्यक्ष चौधरी फिरोज, मिशन कंपाउंड ग्वालियर रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष शिवान्शु श्रीवास्तव 'काके', यश जायसवाल और विजय बरसैंया शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति से चोरी के खुलासे की प्रगति की जानकारी ली और सुरक्षा पोस्टर की अवधारणा से अवगत कराया। पोस्टर का उद्देश्य लोगों को बिना चेहरा ढके दुकान में प्रवेश करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि सीसीटीवी कैमरों की मदद से किसी भी संदिग्ध की पहचान आसानी से हो सके।

एसएसपी ने व्यापारी की इस सोच की सराहना करते हुए कहा कि अपनी पीड़ा को समाज की सुरक्षा से जोड़ना प्रशंसनीय पहल है। उन्होंने पुलिस विभाग और व्यापार मंडल से मिलकर इस सुरक्षा पोस्टर को विभिन्न बाजारों के प्रतिष्ठानों पर लगाने की अपील की, जिससे अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की पहचान में मदद मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story