एनएचएम संविदा कर्मियों ने सीएमओ कार्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन, लखनऊ कूच की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
एनएचएम संविदा कर्मियों ने सीएमओ कार्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन, लखनऊ कूच की चेतावनी


एनएचएम संविदा कर्मियों ने सीएमओ कार्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन, लखनऊ कूच की चेतावनी


झांसी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर चल रहे चरणबद्ध आंदोलन के दूसरे चरण में गुरुवार को बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी जिला मुख्यालय स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर एकत्र हुए। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी कर सरकार के प्रति आक्रोश जताया और मांगों के शीघ्र समाधान की आवाज उठाई।

इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष शैलेश यादव ने कहा कि NHM संविदा कर्मचारियों की नियमतीकरण व समान कार्य समान वेतन जैसी जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को शासन के समक्ष रखते आ रहे हैं, लेकिन अपेक्षित स्तर पर समाधान की पहल नहीं हुई है। यदि शासन ने चरणबद्ध आंदोलन का गंभीरता से संज्ञान लेकर मांगों के निस्तारण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि सभी NHM संविदा कर्मचारी संगठन के आंदोलन संबंधी प्रत्येक निर्णय का मजबूती से पालन करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के लाखों NHM संविदा कर्मचारी लखनऊ कूच करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मांगें स्वीकार होने तक कर्मचारी आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।

शैलेश यादव ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक संवर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि NHM के समस्त संविदा कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और भविष्य से जुड़ा संघर्ष है। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट रहकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और शासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि मांगों की अनदेखी जारी रहने पर आंदोलन के अगले चरण में और व्यापक रूप से विरोध दर्ज कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story